कोटा , जून 13 -- राजस्थान में रेलवे स्टेशनों पर सुरक्षा व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए देशभर में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था की व्यापक जांच करायी जायेगी।
रेलवे के आधिकारिक सूत्रों ने शनिवार को बताया कि इसके तहत स्टेशनों पर मौजूद अग्नि सुरक्षा इंतजामों की जांच की जाएगी और जहां भी सुधार की जरूरत होगी, वहां जरूरी कदम उठाए जाएंगे, ताकि यात्रियों और रेलवे संपत्तियों की सुरक्षा को और बेहतर बनाया जा सके। जांच के तहत स्टेशन भवनों, विद्युत प्रणाली, एयर कंडीशनिंग और वेंटिलेशन सिस्टम, आपातकालीन निकास, अग्नि शमन प्रणाली, पानी की उपलब्धता, पंपिंग और स्प्रिंकलर सिस्टम सहित सभी महत्वपूर्ण सुरक्षा व्यवस्थाओं की जांच की जाएगी। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि रेलवे स्टेशन आग जैसी किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार हों।
यह भी जांच की जाएगी कि स्टेशनों पर लागू सभी अग्नि सुरक्षा और सुरक्षा मानकों का पालन हो रहा है या नहीं। जहां भी कोई कमी पाई जाएगी, वहां सुरक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए आवश्यक सुधारात्मक कदम तुरंत उठाए जाएंगे।
स्टेशनों की जांच के लिए विभिन्न विभागों के संयुक्त दल बनाये जायेंगे। आवश्यकता होने पर विशेषज्ञ एजेंसियों और राज्य फायर विभाग का सहयोग भी लिया जाएगा। जहां सुधार की जरूरत होगी, वहां प्राथमिकता के आधार पर जरूरी कदम उठाए जाएंगे, ताकि सुरक्षा व्यवस्था को और बेहतर बनाया जा सके।
भारतीय रेल लगातार रेलवे स्टेशनों पर सुरक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए काम कर रही है। अग्नि सुरक्षा की व्यापक जांच की यह पहल इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जिससे रेलवे स्टेशनों पर सुरक्षा मानकों को और सुदृढ़ किया जा सकेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित