अलवर , मार्च 28 -- राजस्थान में खैरथल तिजारा जिले के भिवाड़ी थाना क्षेत्र में पुलिस के साइबर शाखा ने रेलवे में नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी करने वाले दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस सूत्रों ने शनिवार को बताया कि आरोपी सोशल मीडिया के जरिए लोगों को भारतीय रेलवे में नौकरी दिलाने का झांसा देते थे। इसके लिए फर्जी दस्तावेज, फोटो और क्यूआर कोड भेजकर ऑनलाइन पैसे मंगवाते थे।
पुलिस को सूचना मिली कि मिलकपुर रोड पर कुछ युवक मोबाइल के जरिए साइबर ठगी कर रहे हैं। सूचना पर पुलिस दल ने मौके पर पहुंचकर दो संदिग्धों को पकड़ा। पूछताछ में दोनों ने रेलवे में नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी करना कबूल किया। उनकी पहचान जमशेद और शौएब के रूप में हुई है। उनसे दो मोबाइल फोन एवं चार सिम कार्ड बरामद हुए हैं। इसके अलावा इंडियन रेलवे के अधिकारियों के ड्रेस, टाई, शूज ,कैप रेल मंत्रालय भारत सरकार द्वारा जारी आईडी कार्ड फोटो इत्यादि मिले हैं।
पुलिस ने बताया कि इन लोगों ने अपने व्हाट्सएप से कई लोगों को रेलवे विभाग में नौकरी दिलाने में ड्यूटी ज्वाइन करने के संबंध में भी संदेश भेजे हुए थे।
आरोपी लोगों को व्हाट्सएप कॉल और संदेश के जरिए संपर्क करते थे। फिर रेलवे में भर्ती का झांसा देकर आवेदन के नाम पर फीस मांगते थे। भरोसा दिलाने के लिए फर्जी आईडी, फोटो और दस्तावेज भेजते थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित