कपूरथला , जून 12 -- रेलवे बोर्ड के महानिदेशक (सुरक्षा) हितेंद्र मल्होत्रा ने शुक्रवार को रेल कोच फैक्ट्री कपूरथला (आरसीएफ) का दौरा किया और कोच निर्माण में सुरक्षा मानकों, उत्पादन प्रदर्शन तथा नई पीढ़ी के कोचों के निर्माण की प्रगति की समीक्षा की।
दौरे के दौरान महानिदेशक (सुरक्षा) ने आरसीएफ के महाप्रबंधक अजय नंदन तथा विभिन्न विभागों के प्रधान अधिकारियों और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ विस्तृत बैठक की। बैठक में चालू वित्तीय वर्ष के दौरान कोच सुरक्षा, उत्पादन क्षमता और आधुनिक कोच निर्माण से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की गई।
इस अवसर पर आरसीएफ के डिजाइन विभाग ने कोचों में सुरक्षा बढ़ाने और अन्य महत्वपूर्ण सुरक्षा सुविधाओं को मजबूत करने के लिए किए गए विभिन्न प्रयासों और नवाचारों पर विस्तृत प्रस्तुति दी।
कार्यशाला निरीक्षण के दौरान हितेंद्र मल्होत्रा ने कोच निर्माण प्रक्रियाओं का बारीकी से अवलोकन किया तथा नई सुरक्षा सुविधाओं से युक्त एक रेक के निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने कोचों में लगाए जा रहे विद्युत उपकरणों और प्रणालियों की भी समीक्षा की तथा सुरक्षा संबंधी विभिन्न पहलुओं पर अधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा की। उन्होंने कोच निर्माण में सुरक्षा उपायों को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए। आरसीएफ के आधुनिक बुनियादी ढांचे और कुशल निर्माण प्रक्रियाओं की सराहना करते हुए उन्होंने सुरक्षा मानकों और परिचालन दक्षता को और बेहतर बनाने की आवश्यकता पर बल दिया।
महानिदेशक ने आरसीएफ के तकनीकी प्रशिक्षण केंद्र (टीटीसी) का भी दौरा किया, जहां उन्होंने कर्मचारियों के लिए चलाए जा रहे विभिन्न प्रशिक्षण कार्यक्रमों की समीक्षा की। उन्होंने प्रशिक्षण से जुड़े अधिकारियों के साथ बातचीत कर पाठ्यक्रम, प्रशिक्षण पद्धति और कौशल विकास सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने कर्मचारियों की तकनीकी दक्षता बढ़ाने के लिए आरसीएफ द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि आधुनिक कोच निर्माण की बदलती तकनीकी आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए निरंतर प्रशिक्षण और कौशल उन्नयन बेहद आवश्यक है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित