रायबरेली , जून 22 -- उत्तर प्रदेश के रायबरेली के लालगंज में रेलवे बोर्ड के प्रधान कार्यकारी निदेशक एवं मैकेनिकल इंजीनियर (उत्पादन इकाई) अतुल सिंह ने सोमवार को आधुनिक रेल डिब्बा कारखाना (अरेडिका) तथा फोर्ज्ड व्हील प्लांट, रायबरेली का दौरा कर उत्पादन कार्यों, गुणवत्ता मानकों और भविष्य की योजनाओं की समीक्षा की।
अरेडिका के प्रवक्ता अनिल कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि दौरे के दौरान उन्होंने एमसीएफ के महाप्रबंधक रामन कृष्णन और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर कोच एवं फोर्ज्ड व्हील उत्पादन से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की। बैठक में पिछले वर्ष की उत्पादन उपलब्धियों, नवाचारों, उत्पादन क्षमता में वृद्धि तथा गुणवत्ता सुधार के प्रयासों की समीक्षा की गई।
अतुल सिंह ने सबसे पहले फोर्ज्ड व्हील प्लांट का निरीक्षण किया और उत्पादन बढ़ाने तथा अवसंरचना विकास से जुड़े मुद्दों पर अधिकारियों के साथ विचार-विमर्श किया। उन्होंने मशीनों की कार्यक्षमता और रखरखाव व्यवस्था की जानकारी लेते हुए सुरक्षा मानकों के पूर्ण अनुपालन पर विशेष जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को मशीनों पर कार्यरत कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। इसके बाद उन्होंने एमसीएफ के प्रधान मुख्य यांत्रिक अभियंता विवेक खरे के साथ फिनिशिंग शॉप का निरीक्षण किया। इस दौरान तैयार किए जा रहे रेल कोचों की गुणवत्ता का अवलोकन किया और कर्मचारियों से उत्पादन प्रक्रिया के संबंध में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने कहा कि उत्पादन लक्ष्यों को हासिल करने के साथ-साथ गुणवत्ता बनाए रखना भी उतना ही महत्वपूर्ण है।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखकर तैयार किए जा रहे वंदे भारत कोचों के निर्माण कार्य की प्रगति का भी जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों से जानकारी प्राप्त की। दौरे के समापन पर अतुल सिंह ने एमसीएफ एवं फोर्ज्ड व्हील प्लांट के अधिकारियों और कर्मचारियों के कार्यों की सराहना करते हुए भविष्य में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन जारी रखने का आह्वान किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित