फगवाड़ा/ फिल्लौर , जुलाई 15 -- पंजाब के फिल्लौर में मंगलवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में रेलवे पुल की रेलिंग से टकराने के बाद मोटरसाइकिल पुल से नीचे गिर गयी। हादसे में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गये, जिनमें एक की हालत चिंताजनक बतायी जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार दोनों युवक रात करीब 10 बजे जालंधर से लुधियाना की ओर मोटरसाइकिल पर जा रहे थे। राष्ट्रीय राजमार्ग पर रेलवे पुल के पास एक टिप्पर ट्रक पंचर होने के कारण सड़क किनारे खड़ा था। ट्रक चालक मनदीप ने बताया कि वह जैक की सहायता से ट्रक का टायर बदल रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार मोटरसाइकिल पुल पर पहुंची। बाइक पुल की रेलिंग से टकरा गयी और संतुलन बिगड़ने पर दोनों युवक पुल से नीचे जा गिरे।
घटना के तुरंत बाद ट्रक चालक ने 112 आपातकालीन सेवा पर सूचना दी। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को नीचे से निकालकर एंबुलेंस के जरिए फिल्लौर के सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार दोनों को गंभीर चोटें आयी हैं और एक युवक की हालत नाजुक बनी हुई है।
पुलिस के अनुसार दोनों घायल गुरदासपुर जिले के निवासी बताये जा रहे हैं, हालांकि समाचार लिखे जाने तक उनकी आधिकारिक पहचान की पुष्टि नहीं हो सकी थी।
जांच अधिकारी एएसआई उमेश ने बुधवार को बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। रेलवे पुलिस को भी घटना की जानकारी दे दी गयी है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित