नयी दिल्ली , अक्टूबर 29 -- रेलवे ने विशेष अभियान छह के तहत कई उपलब्धियां हासिल की है और देशभर के 5,884 रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों से स्वच्छता, सुविधाओं और सेवाओं के बारे में उनकी राय हासिल की है।
रेलवे ने गुरुवार को बताया कि 31 अक्टूबर को समाप्त होने जा रहे विशेष अभियान छह के तहत कई लक्ष्य हासिल किये हैं। दो से 31 अक्टूबर तक चल रहे इस अभियान के दौरान स्वच्छता, कबाड़ निस्तारण, ई-कचरा प्रबंधन, लंबित मामलों के निपटारे और प्रक्रियाओं को सरल बनाने के क्षेत्र में कई उपलब्धियां हासिल की गयी हैं। ये उपलब्धियां लंबित मामलों के निपटारे के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान (एससीडीपीएम-6) का प्रमुख हिस्सा हैं।
रेलवे के अनुसार यात्रियों से सीधे संवाद करने और उनकी समस्याओं तथा सुझावों को जानने के उद्देश्य से गत 22 अक्टूबर को देशभर के 5,884 रेलवे स्टेशनों पर 'रेल जन संवाद' कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसके तहत यात्रियों से स्वच्छता, यात्री सुविधाओं और सेवाओं की उपलब्धता और गुणवत्ता के संबंध में उनकी राय और सुझाव लिए गये।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित