फिरोजाबाद , सितंबर 12 -- उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद में शिकोहाबाद रेलवे स्टेशन के माल गोदाम में खड़ी ट्रैक मेंटेनेंस मशीन की बोगी में शनिवार दोपहर अचानक आग लगने से रेलवे अधिकारियों में अफरा-तफरी मच गई। आग लगने के दौरान तेज धमाका हुआ और अंदर रखा सिलेंडर फटने से एक व्यक्ति घायल हो गया। घायल को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, माल गोदाम में खड़ी ट्रैक मेंटेनेंस मशीन की एक बोगी में अचानक आग लगी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। सूचना पर पहुंची दमकल टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। ट्रैक मेंटेनेंस मशीन का उपयोग पीडब्ल्यूआई विभाग के कर्मचारी रेलवे ट्रैक से संबंधित समस्याओं को दूर करने के लिए करते हैं। आग लगने के दौरान बोगी के अंदर रखा सिलेंडर फट गया, जिससे एक व्यक्ति घायल हुआ।

दमकल की टीम को माल गोदाम तक पहुंचने में कुछ समय लगने के कारण आग के फैलने की बात सामने आई है। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। रेलवे और अग्निशमन विभाग के अधिकारी घटना की जांच करेंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित