राजनांदगांव , मार्च 31 -- दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के नागपुर मंडल में कार्यरत मुख्य टिकट निरीक्षक राज कुमार ने कर्तव्यनिष्ठा और ईमानदारी का अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत करते हुए बीकानेर-बिलासपुर सुपरफास्ट एक्सप्रेस में यात्रा के दौरान एक महिला यात्री की छूटी हुई सोने की बाली को सुरक्षित उसके मालिक तक पहुंचा दिया।

यह जानकारी रेलवे ने आज दी।

रेलवे सूत्रों के अनुसार, यह घटना 30 मार्च की है। गाड़ी संख्या 20846 (बीकानेर-बिलासपुर सुपरफास्ट एक्सप्रेस) में श्री राज कुमार 'ट्रेन कैप्टन' के रूप में ड्यूटी पर तैनात थे। नागपुर स्टेशन से ट्रेन के प्रस्थान के बाद एसी प्रथम श्रेणी (एच1) कोच के केबिन 'एफ' में निरीक्षण के दौरान उन्हें बेडशीट पर एक सोने की बाली मिली। उन्होंने तत्काल कोच अटेंडेंट को बुलाकर बाली को अपने संरक्षण में ले लिया।

इसके बाद उन्होंने हैंड हेल्ड टर्मिनल (एचएचटी) मशीन की सहायता से संबंधित यात्रियों का विवरण निकाला। जांच में पता चला कि उक्त यात्री नागपुर स्टेशन पर ही उतर चुकी थीं। उपलब्ध मोबाइल नंबर पर संपर्क करने पर यात्री के परिजन ने बाली खोने की पुष्टि की। पहचान सुनिश्चित करने के लिए बाली की तस्वीर व्हाट्सएप के माध्यम से भेजी गई, जिसे यात्री ने अपनी संपत्ति के रूप में सत्यापित किया।

यात्री की सुविधा को ध्यान में रखते हुए राज कुमार ने अपनी वापसी ड्यूटी के दौरान 31 मार्च को नागपुर में बाली लौटाने का समय तय किया। बाद में उन्होंने मध्य रेलवे की अधिकारी डॉ. सयाली द्वारा भेजे गए प्रतिनिधि को आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद बाली सुपुर्द कर दी।

मंडल रेल प्रबंधक दीपक कुमार गुप्ता एवं वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक दिलीप सिंह ने राज कुमार की इस सराहनीय पहल की प्रशंसा करते हुए कहा कि ऐसे कर्मचारी भारतीय रेल की ''यात्री सेवा सर्वोपरि'' की भावना को साकार करते हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित