हल्द्वानी , फरवरी 24 -- उत्तराखंड में हल्द्वानी के बनभूलपुरा में रेलवे की भूमि पर अतिक्रमण से जुड़े मामले में उच्चतम न्यायालय में चल रही सुनवाई के बीच प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है।
संवेदनशील स्थिति को देखते हुए एसएसपी नैनीताल मंजूनाथ टीसी ने भारी पुलिस बल के साथ पूरे क्षेत्र का दौरा कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। प्रशासन द्वारा क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष निगरानी व्यवस्था लागू की गई है, पूरे बनभूलपुरा इलाके में ड्रोन के माध्यम से लगातार निगरानी की जा रही है, ताकि किसी भी प्रकार की अफवाह, अराजक गतिविधि या भीड़भाड़ की स्थिति पर तुरंत नियंत्रण पाया जा सके।
पुलिस द्वारा संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जा रही है और संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
जानकारी के अनुसार बनभूलपुरा क्षेत्र में रेलवे की करीब 30 हेक्टेयर भूमि पर अतिक्रमण बताया जा रहा है, इस भूमि पर लगभग 3660 मकान बने हुए हैं, जिनमें करीब 5236 परिवार निवास करते हैं और कुल आबादी लगभग 27 हजार के आसपास बताई जा रही है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए प्रशासन किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है।
एसएसपी मंजूनाथ टीसी ने क्षेत्र भ्रमण के दौरान पुलिस अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए और कहा कि शांति व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है,उन्होंने स्पष्ट किया कि अफवाह फैलाने वालों और अराजक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने स्थानीय लोगों से भी अपील की है कि वे किसी भी तरह की भ्रामक सूचना पर ध्यान न दें और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें, फिलहाल पूरे क्षेत्र में पुलिस की कड़ी निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था लागू है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित