श्रीगंगानगर , सितंबर 11 -- राजस्थान में कोटा से श्रीगंगानगर आयी रेलगाड़ी के जनरल डिब्बे के शौचालय में एक अवैध पोस्त से भरा हुआ लावारिस बैग बरामद हुआ।
इस संबंध में स्थानीय राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ पोस्त की तस्करी करने के आरोप में मामला दर्ज किया है।
जीआरपी सूत्रों ने शुक्रवार को बताया कि कोटा एक्सप्रेस रेलगाड़ी गुरुवार सुबह श्रीगंगानगर पहुंचने पर रैक को साफ सफाई के लिए वॉशिंग यार्ड में ले जाया गया। दोपहर करीब दो बजे जब इस रेलगाड़ी के रैक की साफ सफाई की जा रही थी, तभी एक सफाई कर्मचारी को जनरल कोच के शौचालय में संदिग्ध बैग पड़ा दिखाई दिया।
उसने तुरंत अन्य साथी कर्मचारियों को सूचना दी। कुछ ही देर में सूचना पाकर जीआरपी और रेलवे पुलिस बल (आरपीएफ) मौके पर पहुंच गये। बैग को जब खोला गया तो उसमें भारी मात्रा में पोस्त भरा हुआ था। इसका वजन करने पर 15 किलो 700 ग्राम पोस्त पाया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित