भरतपुर , जनवरी 19 -- राजस्थान में दिल्ली मुंबई रेलमार्ग पर रविवार देर रात सवाईमाधोपुर से रवाना होते ही अंत्योयोदय एक्सप्रेस के वातानुकूलित कोच में सांप होने की सूचना पर यात्रियों में हड़कंप मच गया।
सूत्रों ने सोमवार को बताया कि सांप की मौजूदगी की दहशत से यात्री कोच से भागकर दूसरे कोच में चले गए। करीब दो घंटे बाद ट्रेन के कोटा पहुंचने पर एक सांप पकड़ने वाले को बुलाया गया। उसने कोच में सांप की तलाश की तो उसे रबर का नकली सांप मिला। तब जाकर यात्रियों की जान में जान आई।
रेल सूत्रों ने बताया कि इस बीच ट्रेन में गश्त कर रहे रेलवे पुलिस बल के जवान भी सवाई माधोपुर से कोटा के बीच कोच में सांप को तलाश करते रहे। साथ ही यात्रियों की सुविधा के लिए रेल प्रशासन ने कोटा में एक्स्ट्रा कोच का इंतजाम भी कर लिया था।
सूत्रों ने बताया कि दरअसल कोच में खेलते समय बच्चे के हाथ से रबर का यह साँप सीट के नीचे गिर गया, जिसे किसी यात्री ने असली सांप समझ कर हल्ला मचा दिया। यह जानकारी जब रेल प्रशासन तक पहुंची तो ट्रेन के कोटा पहुंचने का इंतजार किया गया। जहां एक सांप पकड़ने वाले को मौके पर बुला लिया था। इस बीच करीब 15 मिनट तक गाड़ी कोटा जंक्शन पर रुकी रही।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित