भरतपुर , जनवरी 13 -- राजस्थान में भरतपुर के रुदावल थाना क्षेत्र में मंगलवार को रेलगाड़ी की चपेट में आने से छह गौवंश, एक श्वान और एक सियार की मौत हो गयी।
रेलवे पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार आगरा-कोटा रेल मार्ग पर डुमरिया और चुरारी डांग स्टेशन के बीच नगर वैदपुरा गांव के पास आज सुबह कुछ जानवर पटरी पार कर रहे थे कि अचानक गुजरात से बनारस जा रही बनारस सुपरफास्ट ट्रेन की टक्कर से छह गौवंश, एक श्वान और एक सियार की मौके पर ही मौत हो गयी।
सूत्रों ने बताया कि इस हादसे के बाद पटरियों पर शव पड़े रहने से काफी देर के लिए रेल यातायात प्रभावित रहा। बाद में आगरा जिले के फतेहपुर सीकरी स्थित रेलवे पुलिस ने शवों को हटवाकर मार्ग को साफ करवाया। इसके बाद ट्रेन संचालन दोबारा सामान्य किया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित