हनुमानगढ़ , मई 14 -- राजस्थान में रेलवे स्टेशनों और रेलगाड़ियों में महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए यहां राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) ने गुरुवार को एक महत्वपूर्ण जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया।

थाना परिसर में "महिला सुरक्षा संकल्प" विषय पर आयोजित इस बैठक में महिला स्वयंसेवकों सुरक्षा सखियों और महिला सीएलजी सदस्यों के साथ विस्तृत संवाद किया गया।

जीआरपी थाना प्रभारी मोहनलाल ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए रेलवे स्टेशन, प्लेटफार्म और रेलगाड़ियों में महिलाओं एवं बालिकाओं के साथ होने वाली छेड़छाड़, छींटाकशी और अश्लील टिप्पणियों जैसी घटनाओं को रोकने के लिए प्रभावी उपायों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने उपस्थित महिलाओं को महिला गरिमा हेल्पलाइन नंबर और रेलवे हेल्पलाइन नंबर की पूरी जानकारी दी और किसी भी प्रकार की असुविधा या संदिग्ध गतिविधि दिखने पर तुरंत दिये गये नंबरों पर सूचना देने का अनुरोध किया।

श्री मोहनलाल ने महिलाओं को जागरूक रहने, भीड़भाड़ वाले स्थानों पर सावधानी बरतने, साथ में यात्रा करने और संदिग्ध व्यक्तियों पर नजर रखने जैसे व्यावहारिक उपाय भी बताए। कार्यक्रम में महिला स्वयंसेवकों ने अपनी समस्याएं और सुझाव रखे और सुरक्षा सखी और सीएलजी सदस्यों ने थाना प्रभारी के साथ खुलकर चर्चा की। सभी ने मिलकर रेलवे परिसर को महिलाओं के लिए पूरी तरह सुरक्षित बनाने का संकल्प लिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित