छपरा , जून 19 -- बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शुक्रवार को कहा कि रेलवे, उद्योग और आधुनिक आधारभूत संरचना के विस्तार से बिहार का भविष्य बदलेगा तथा राज्य विकास की नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगा। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने आज छपरा जंक्शन पर छपरा-दिल्ली एक्सप्रेस को संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर मऊ-दिल्ली एक्सप्रेस का शुभारंभ तथा दोहरीघाट-औड़िहार रेल सेवा का वाराणसी तक विस्तारीकरण किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री श्री चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बिहार में रेलवे और आधारभूत संरचना के क्षेत्र में बड़े पैमाने पर निवेश हो रहा है। उन्होंने बताया कि राज्य में रेलवे की विभिन्न परियोजनाओं पर एक लाख करोड़ रुपये से अधिक की योजनाएं संचालित हैं तथा केंद्र सरकार हर वर्ष बिहार को लगभग 10 हजार करोड़ रुपये का रेल बजट उपलब्ध करा रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार के 38 जिलों में से 36 जिले रेलवे नेटवर्क से जुड़ चुके हैं और रेलवे के आधुनिकीकरण, स्वचालन तथा आईटी आधारित सुविधाओं के विस्तार पर विशेष बल दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि छपरा से कटिहार तक रेल लाइन के विस्तार और क्षमता वृद्धि का कार्य भी शुरू कर दिया गया है।
श्री चौधरी ने कहा कि राज्य सरकार बिहार में 11 नई टाउनशिप विकसित कर रही है, जिनमें सारण जिला अकेला ऐसा जिला होगा जहां दो-दो आधुनिक टाउनशिप बनाई जाएंगी। इसके अलावा सारण में दो एयरपोर्ट विकसित करने की भी योजना है, जिसमें एक अंतरराष्ट्रीय स्तर का हवाई अड्डा शामिल होगा।उन्होंने कहा कि छपरा क्षेत्र में ड्राई पोर्ट की स्थापना से औद्योगिक निवेश को बढ़ावा मिलेगा और इससे 20 हजार से 40 हजार करोड़ रुपये तक का निवेश आकर्षित हो सकता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बेहतर सड़क और रेल संपर्क के कारण बिहार में विकास की गति तेज हुई है और लोगों की यात्रा आसान बनी है। उन्होंने कहा कि मढ़ौरा में रेल इंजन निर्माण बिहार की औद्योगिक प्रगति का प्रतीक है। उन्होंने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से प्लांट की अवधि 20 वर्ष और बढ़ाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि आमी स्थित मां अंबिका भवानी मंदिर का विश्वस्तरीय विकास किया जाएगा तथा आमी से विदुपुर तक मरीन ड्राइव की तर्ज पर मां अंबिका भवानी गंगापथ का निर्माण होगा। इसके अलावा सोनपुर से गोपालगंज तक बनने वाली नई सड़क का नाम भगवान नारायणी पथ तथा बक्सर क्षेत्र में प्रस्तावित एक्सप्रेस-वे का नाम भगवान विश्वामित्र के नाम पर रखा जाएगा। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बिहार और देश विकास की नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेंगे।
कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री, रेल मंत्री, सांसद राजीव प्रताप रूडी और सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल ने मढ़ौरा लोको प्लांट से अफ्रीकी देश गिनी को निर्यात किए जाने वाले 51वें रेल इंजन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इसके बाद उन्होंने मढ़ौरा रेल फैक्ट्री का निरीक्षण भी किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित