नयी दिल्ली , सितंबर 28 -- फ्रांस की कार बनाने वाली कंपनी रेनो ग्रुप की इकाई रेनो इंडिया ने सोमवार को भारतीय बाजार में बिल्कुल नई रेनो ट्राइबर 100पीएस उतारने की घोषणा की।

रेनो इंडिया ने बताया कि नए रेनो ग्रुप एंट्री प्लेटफॉर्म (आरजीईपी) पर विकसित यह उसकी पहली कार है। इसकी एक्स-शोरूम कीमत 7,84,900 रुपये से शुरू है। यह सात-सीटर कार 100 पीएस टर्बोचार्ज्ड पावरट्रेन और आधुनिक फीचरों से लैस है। इसे फ्लेक्सिबल आर्किटेक्चर के साथ विकसित किया गया है जिससे भविष्य कई तरह के पावरट्रेन समाधान को यह अपना सकता है।

कंपनी का कहना है कि ट्राइबर 100पीएस सिर्फ पावरट्रेन का अपग्रेड नहीं है, इसे नए प्लेटफॉर्म आर्किटेक्चर पर पूरी तरह से नए सिरे से तैयार किया गया है। इसमें इंजन मैनेजमेंट, थर्मल सिस्टम, चेसिस ट्यूनिंग और ढांचागत एकीकरण में बड़े बदलाव किए गए हैं ताकि ड्राइविंग का बेहतरीन अनुभव मिल सके। इसका माइलेज 21 किलोमीटर प्रति लीटर का है।

इसमें मुख्य बदलाव टर्बोचार्ज्ड टीसीई 100 इंजन है, जो 100 पीएस की शक्ति पैदा करता है और इस सेगमेंट में सबसे अधिक 180 न्यूटन मीटर का टॉर्क देता है। इस पावरट्रेन को सपोर्ट करने के लिए बिल्कुल नया रेनो इंजन प्रबंधन प्रणाली दी गई है। इससे प्रदर्शन और दक्षता बेहतर हुई है। मजबूती और क्रैश के दौरान सुरक्षा के लिए नया ढांचागत सुधार किया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित