मुरैना , अप्रैल 8 -- मध्यप्रदेश के मुरैना में रेत माफिया द्वारा एक वन रक्षक की ट्रैक्टर-ट्रॉली से कुचलकर हत्या किए जाने के बाद प्रशासन सख्त हो गया है। देर रात कलेक्टर लोकेश कुमार जांगिड़ ने पुलिस अधीक्षक समीर सौरभ एवं वनमंडलाधिकारी हरिशचंद्र बघेल की उपस्थिति में वर्चुअल बैठक लेकर अवैध रेत उत्खनन और परिवहन के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए।

बैठक में जिला खनिज अधिकारी, समस्त एसडीएम, एसडीओपी, नगर पुलिस अधीक्षक, वन अधिकारियों, थाना प्रभारियों और रेंजर्स को शामिल करते हुए अंतर्विभागीय समन्वय से संयुक्त टीम बनाकर कार्रवाई की रणनीति तैयार की गई।

कलेक्टर ने निर्देश दिए कि जिले के सभी क्षेत्रों में अवैध खनन रोकने के लिए रेत घाटों पर सघन कार्रवाई की जाए, अवैध रेत के भंडार को नष्ट किया जाए तथा विभिन्न स्थानों पर पुलिस और वन अमले के संयुक्त नाके स्थापित किए जाएं। जहां भी रेत का अवैध भंडारण पाया जाए, वहां संबंधित भूमिस्वामियों के विरुद्ध भी कार्रवाई की जाए।

उन्होंने अवैध उत्खनन में शामिल ट्रैक्टरों को चिन्हित कर मोटर यान अधिनियम के तहत कार्रवाई करने तथा पूर्व में लिप्त व्यक्तियों के खिलाफ जिला बदर की कार्यवाही करने के निर्देश दिए। आवश्यकता पड़ने पर राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम के तहत भी कार्रवाई पर विचार किया जाएगा।

पुलिस अधीक्षक ने कहा कि सभी कार्रवाई पर्याप्त बल के साथ की जाए तथा क्षेत्र में सक्रिय अवैध खनन से जुड़े लोगों की सूची बनाकर उनके विरुद्ध सख्त कदम उठाए जाएं। साथ ही शहर में ट्रैक्टरों के प्रवेश और उनमें बज रहे तेज डीजे पर रोक लगाने के निर्देश भी दिए गए। वनमंडलाधिकारी ने वन अमले को लगातार गश्त करने, पुलिस एवं राजस्व विभाग के साथ समन्वय बनाए रखने और आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित