हैदराबाद , मार्च 15 -- तेलंगाना में भुवनगिरी के सांसद चमाला किरण कुमार रेड्डी ने रविवार को भा्रत राष्ट्र समिति (बीआरएस) के कार्यकारी अध्यक्ष के.टी. रामा राव द्वारा राज्य सरकार की प्रस्तावित मूसी नदी पुनरुद्धार परियोजना की आलोचना का कड़ा जवाब दिया।
श्री रेड्डी ने एक वीडियो बयान में कहा कि मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने 13 मार्च को मुख्य बिंदु प्रस्तुति के माध्यम से मूसी नदी पुनरुद्धार परियोजना के बारे में तथ्यों को स्पष्ट रूप से प्रस्तुत किया था। उन्होंने कहा कि इस परियोजना का उद्देश्य न केवल नाले के पानी के लिए रास्ता बनाना और उसे बाहर निकालना है, बल्कि नदी को पुनर्जीवित करने के लिए गोदावरी नदी के पानी को मूसी नदी में मोड़ना भी है।
श्री रेड्डी ने कहा कि मुख्यमंत्री का इरादा साबरमती और गंगा रिवरफ्रंट विकास परियोजनाओं की तर्ज पर मूसी नदी को पुनर्जीवित करना है। उन्होंने कहा कि गुजरात में साबरमती रिवरफ्रंट के विकास के दौरान विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने शहर की प्रगति के लिए मिलकर काम किया था। उन्होंने कहा कि बीआरएस नेता झूठा प्रचार कर रहे हैं, क्योंकि मूसी परियोजना जिसे बीआरएस शासन के दौरान लागू नहीं किया गया था, अब कांग्रेस सरकार द्वारा आगे बढ़ाई जा रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि बीआरएस के 10 साल के शासन के दौरान मूसी नदी का विकास क्यों नहीं किया गया। उन्होंने बीआरएस की पिछली सरकार पर कालेश्वरम जैसी परियोजनाओं के माध्यम से राज्य को भारी कर्ज में धकेलने का आरोप लगाया।
सांसद ने श्री रामा राव और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेताओं से अहमदाबाद में साबरमती रिवरफ्रंट का दौरा करने और यह देखने का भी आग्रह किया कि रिवफ्रंट के विकास ने शहर को किस तरह बदल दिया है।
इस बीच विधान परिषद सदस्य डॉ. बालमूरी वेंकट के नेतृत्व में कांग्रेस नेताओं ने गांधी भवन में विरोध प्रदर्शन किया और केटीआर का पुतला फूंका। प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि बीआरएस नेता मोइनाबाद के एक फार्महाउस में हुई हालिया ड्रग्स पार्टी की घटना पर स्पष्टीकरण दें, जिसमें एक पूर्व विधायक शामिल थे। उन्होंने आरोप लगाया कि इस घटना ने गंभीर चिंताएं पैदा की हैं और बीआरएस नेतृत्व से इस पर स्पष्टीकरण देने की मांग की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित