हैदराबाद , सितंबर 18 -- तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी ने शुक्रवार को यहां माधापुर में केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान से मुलाकात की और राज्य के कृषि क्षेत्र पर अल नीनो की स्थिति के प्रभाव से निपटने के लिए केंद्र से सहयोग मांगा।
श्री रेड्डी ने प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण (पीएमएवाई-जी) के तहत पहले चरण में तेलंगाना को दो लाख मकान आवंटित करने के लिए केंद्रीय मंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि जुलाई में दिल्ली में केंद्रीय मंत्री को एक ज्ञापन सौंपकर 11,56,915 पात्र ग्रामीण परिवारों के लिए मकान मंजूर करने तथा राज्य की मांग के अनुसार शेष 9.56 लाख मकान भी आवंटित करने का अनुरोध किया।
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने श्री चौहान को तेलंगाना में अल नीनो की स्थिति के प्रभाव के बारे में जानकारी दी और कहा कि कम बारिश के कारण कृषि क्षेत्र में बिजली की खपत बढ़ गयी है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने पेयजल और बिजली की कमी को रोकने के लिए पहले से योजनाएं तैयार कर ली हैं तथा अल नीनो से उत्पन्न चुनौतियों से निपटने के लिए केंद्र से आवश्यक सहयोग मांगा।
श्री रेड्डी ने कहा कि तेलंगाना राशन की दुकानों के माध्यम से गरीबों को सुगंधित चावल उपलब्ध करा रहा है और इसे देश में एक अनूठी पहल बताया। उन्होंने यह भी कहा कि किसानों को प्रति क्विंटल 500 रुपये का बोनस देकर अच्छी किस्म के धान की खेती के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित