जयपुर , सितंबर 26 -- राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने अपील की है कि एम्स जोधपुर में एनेस्थीसिया के प्रथम वर्ष के रेजिडेंट डॉक्टर राजनरेश यादव की आत्महत्या मामले में एम्स प्रशासन और रेजिडेंट डॉक्टर आपसी संवाद और संवेदनशीलता के साथ सभी मुद्दों का उचित समाधान निकालें ताकि किसी भी स्थिति में मरीजों को परेशानी का सामना न करना पड़े।
श्री गहलोत ने डॉ यादव की आत्महत्या को बेहद दुखद और दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए शनिवार को यह अपील की। उन्होंने कहा कि उनके साथी चिकित्सक आक्रोशित हैं तथा हड़ताल जैसे कदम उठा रहे हैं। उन्होंने कहा कि पश्चिमी राजस्थान और अन्य क्षेत्रों के मरीजों के लिए लिए एम्स जोधपुर इलाज पाने का महत्वपूर्ण केंद्र है, अतः मरीजों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए इस मामले का शीघ्र समाधान निकाला जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि एम्स प्रशासन भी रेजिडेंट डॉक्टरों की समस्याओं का समाधान करे एवं ऐसी व्यवस्था बनाए जिससे भविष्य में ऐसी दुर्भाग्यपूर्ण परिस्थिति न बने।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित