नई दिल्ली/रांची , जून 09 -- झारखंड सरकार के रेजिडेंट कमिश्नर अरवा राजकमल ने नई दिल्ली स्थित झारखंड भवन, वसंत विहार का औचक निरीक्षण कर भवन की विभिन्न व्यवस्थाओं एवं सेवाओं की विस्तृत समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने मेंटेनेंस, हाउसकीपिंग, स्वच्छता, रसोई संचालन तथा कर्मचारियों की कार्यप्रणाली का जायजा लिया। श्री राजकमल ने भवन परिसर, अतिथि कक्षों, कॉमन एरिया और रसोईघर का निरीक्षण कर रखरखाव एवं संचालन संबंधी व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से संवाद कर भवन संचालन से जुड़े विभिन्न पहलुओं की समीक्षा की तथा स्वच्छता, समयबद्ध रखरखाव और अतिथि सेवाओं की गुणवत्ता को निरंतर बनाए रखने पर विशेष जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान रेजिडेंट कमिश्नर ने भवन परिसर में उपलब्ध पार्किंग स्थल के बेहतर उपयोग की आवश्यकता पर बल देते हुए लंबे समय से खड़े छह अनुपयोगी एवं कंडम वाहनों की नियमानुसार शीघ्र नीलामी प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए, ताकि पार्किंग क्षेत्र का अधिक प्रभावी एवं सुव्यवस्थित उपयोग सुनिश्चित किया जा सके।
उन्होंने कार्यालयी स्थान के बेहतर प्रबंधन एवं उपयोग पर भी ध्यान देने की आवश्यकता बताई तथा उपलब्ध संसाधनों के कार्यकुशल एवं सुव्यवस्थित उपयोग के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान कुछ सीसीटीवी कैमरे बंद पाए जाने पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को उन्हें तत्काल मरम्मत कर पुनः क्रियाशील बनाने के निर्देश दिए, ताकि भवन की सुरक्षा एवं निगरानी व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ किया जा सके।
इस निरीक्षण के दौरान श्री राजकमल ने कहा कि राष्ट्रीय राजधानी में स्थित झारखंड भवन राज्य का प्रतिनिधि संस्थान है। इसलिए यहां आने वाले अतिथियों को बेहतर से बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना हमारी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि व्यवस्थाओं में निरंतर सुधार एवं आधुनिकीकरण किया जाना आवश्यक है, ताकि आगंतुकों और अतिथियों को अधिक गुणवत्तापूर्ण एवं सुविधाजनक सेवाएं प्रदान की जा सकें।
श्री राजकमल ने भवन की व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित