नयी दिल्ली , अगस्त 29 -- दिल्ली प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने राजधानी में स्वाइन फ्लू और डेंगू के बढ़ते मामलों को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार पर हमला बोला और कहा कि रेखा गुप्ता सरकार बीमारियों की रोकथाम और अस्पतालों में पर्याप्त स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने में पूरी तरह नाकाम साबित हुई है।
श्री यादव ने कहा कि 27 अगस्त को स्वाइन फ्लू के 125 और 28 अगस्त को 166 मामले सामने आये, जिसके बाद दिल्ली में एच1एन1 संक्रमितों की संख्या 2612 से अधिक हो गयी है। वहीं डेंगू के 272, मलेरिया के 95 और चिकनगुनिया के 21 मामले सामने आये हैं। उन्होंने कहा कि मानसून के दौरान बढ़ी नमी और जलभराव के कारण संक्रमण तथा मच्छरजनित बीमारियों का खतरा बढ़ रहा है।
कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि दिल्ली नगर निगम द्वारा जलभराव वाले स्थानों पर टेमीफॉस और बीटीआई जैसी लार्वानाशक दवाओं का पर्याप्त छिड़काव तथा फॉगिंग नहीं की जा रही है। उन्होंने सरकारी अस्पतालों में स्वाइन फ्लू की जांच मुफ्त करने, जरूरी दवाओं और उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित करने की मांग की।
श्री यादव ने कहा कि अस्पतालों को अलर्ट मोड में रखकर आपातकालीन सेवाएं दुरुस्त की जाएं, ताकि स्वाइन फ्लू और डेंगू महामारी का रूप न ले सकें।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित