नयी दिल्ली , नवंबर 07 -- दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने दीपावली के पावन अवसर पर प्रदेशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए उनके सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की है।
श्रीमती गुप्ता ने शनिवार को कहा कि दीपावली केवल दीपों और रोशनी का त्योहार नहीं, बल्कि आशा, विश्वास, आत्मीयता और नये संकल्पों का पर्व है। यह त्योहार हमें समृद्धि के साथ सेवा, सहयोग और सामाजिक जिम्मेदारी का भी संदेश देता है। उन्होंने कहा कि दिल्ली उनका परिवार है और इस परिवार के प्रत्येक सदस्य का बेहतर जीवन, सुरक्षित भविष्य और सम्मान उनकी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प से प्रेरणा लेकर सरकार विकसित दिल्ली के निर्माण की दिशा में आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि हमारा प्रयास है कि विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और दिल्ली आधुनिक सुविधाओं, स्वच्छ वातावरण, मजबूत बुनियादी ढांचे तथा आर्थिक अवसरों के साथ देश की अग्रणी राजधानी बने।
उन्होंने दिल्लीवासियों से दीपावली पर्यावरण के अनुकूल और सुरक्षित तरीके से मनाने की अपील करते हुए निर्धारित मानकों के अनुरूप ग्रीन पटाखों का उपयोग करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि स्वच्छ हवा उपलब्ध कराना सरकार की जिम्मेदारी है, लेकिन इसमें नागरिकों की भागीदारी भी उतनी ही महत्वपूर्ण है। दिल्ली में सार्वजनिक परिवहन को मजबूत करने के लिए मेट्रो विस्तार की योजनाओं को आगे बढ़ाया जा रहा है। मेट्रो के फेज-5 (ए) में 16.076 किलोमीटर लंबे तीन नये कॉरिडोर को मंजूरी मिलना इसी दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इसके अलावा दिल्ली इलेक्ट्रिक व्हीकल पॉलिसी-2026 के जरिए स्वच्छ और शून्य उत्सर्जन वाले परिवहन को प्रोत्साहित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि सरकार ने इस वर्ष 70 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य पार किया है और अब इन पौधों को संरक्षित कर पेड़ों के रूप में विकसित करने का संकल्प लिया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य दिल्ली को आधुनिक सुविधाओं, मजबूत बुनियादी ढांचे और बेहतर जीवन स्तर वाली विकसित राजधानी बनाना है। प्रधानमंत्री के विकसित भारत-2047 के विजन के अनुरूप दिल्ली मास्टर प्लान-2047 के माध्यम से राजधानी के सुनियोजित विकास की आधारशिला रखी जा रही है। इसके तहत आवास, परिवहन, बाजारों, गांवों और अनधिकृत कॉलोनियों के विकास के साथ गरीब परिवारों को सम्मानजनक आवास उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। यमुना की सफाई, सीवर व्यवस्था के आधुनिकीकरण, स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता और जलभराव की समस्या के समाधान के लिए भी बड़े स्तर पर काम किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि महिलाओं की आर्थिक मजबूती और बेटियों का उज्ज्वल भविष्य सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। दिल्ली लक्ष्मी योजना के माध्यम से पात्र महिलाओं को हर महीने 2,500 रुपये की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की पहल की जा रही है। वहीं, दिल्ली लखपति बिटिया योजना के जरिए बेटियों के जन्म से लेकर उनकी शिक्षा और उच्च अध्ययन तक आर्थिक सुरक्षा सुनिश्चित करने का प्रयास किया गया है। उन्होंने कहा कि विकास का अर्थ केवल बड़ी परियोजनाओं का निर्माण नहीं, बल्कि प्रत्येक परिवार के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाना है। इसी उद्देश्य से 'जहां झुग्गी, वहां मकान' की भावना के अनुरूप नई पुनर्वास नीति अधिसूचित की गयी है, जिसके तहत पात्र झुग्गीवासियों को पक्के आवास उपलब्ध कराने का लक्ष्य है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित