नयी दिल्ली , मई 27 -- दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बुधवार को सभी विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों और विभागाध्यक्षों के साथ वर्चुअल समीक्षा बैठक कर बजट घोषणाओं, विकास कार्यों और जनहित योजनाओं की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की।

श्रीमती गुप्ता ने सभी विभागों को निर्देश दिए कि बजट में घोषित योजनाओं को तय समयसीमा के भीतर धरातल पर उतारा जाए और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि हा कि सरकार की प्राथमिकता केवल घोषणाएं करना नहीं, बल्कि योजनाओं को अंतिम परिणाम तक पहुंचाना है। उन्होंने चेतावनी दी कि जिन विभागों द्वारा बजट राशि का सही उपयोग नहीं किया जाएगा, आगामी बजट में उनकी धनराशि में कटौती की जा सकती है। बैठक में मॉनसून की तैयारियों पर भी विशेष जोर दिया गया। मुख्यमंत्री ने सभी छोटे-बड़े नालों की सफाई और गाद निकालने का कार्य बारिश से पहले पूरा करने के निर्देश दिए ताकि जलभराव की समस्या से निपटा जा सके।

पर्यावरण संरक्षण और प्रदूषण नियंत्रण को लेकर मुख्यमंत्री ने खाली पड़ी जमीनों और धूल प्रभावित क्षेत्रों में बड़े स्तर पर पौधारोपण और घास लगाने के अभियान को तेज करने को कहा। सरकारी स्कूलों में व्हाइट वॉश, शौचालयों की मरम्मत और छात्रों के लिए शुद्ध पेयजल की व्यवस्था समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बच्चों को बेहतर और सम्मानजनक वातावरण उपलब्ध कराना सरकार की जिम्मेदारी है।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों और कर्मचारियों से "मेट्रो मंडे" और "वर्क फ्रॉम होम" व्यवस्था का गंभीरता से पालन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि इससे ईंधन की बचत, ट्रैफिक दबाव में कमी और प्रदूषण नियंत्रण में मदद मिलेगी। इसके अलावा सोलर पावर, जल संरक्षण और सोशल मीडिया के जनहित में प्रभावी उपयोग को लेकर भी विभागों को विशेष दिशा-निर्देश दिए गए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित