नयी दिल्ली , अक्टूबर 26 -- दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोमवार को सोनिया विहार से जगतपुर तक यमुना नदी पर विकसित की जा रही क्रूज सेवा का ट्रायल रन किया और परियोजना की प्रगति का निरीक्षण किया।

श्रीमती गुप्ता ने निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारियों से क्रूज के संचालन, यात्रियों की सुविधाओं और परियोजना की तैयारियों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि मां यमुना के साथ दिल्लीवासियों का भावनात्मक और सांस्कृतिक जुड़ाव बेहद गहरा है। यमुना सफारी इस जुड़ाव को नया आयाम देगी और लोगों को नदी के करीब आकर नौका विहार का अनुभव करने का अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि पर्यटन सुविधाओं के विकास के साथ यमुना की स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और नदी के पुनरुद्धार के प्रयासों को भी प्राथमिकता दी जानी चाहिए।

उन्होंने कहा कि सोनिया विहार से जगतपुर तक लगभग छह किलोमीटर के जलमार्ग पर विकसित की जा रही यह सेवा दिल्ली में पर्यटन की नयी संभावनाएं खोलेगी। इससे स्थानीय आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने और रोजगार के नये अवसर पैदा होने की उम्मीद है। परियोजना के तहत पर्यटकों की सुविधा के लिए फूड कियोस्क, रेस्टोरेंट, बच्चों के लिए किड्स जोन और अन्य जनसुविधाएं विकसित की गयी हैं। सरकार का उद्देश्य नदी के आसपास के क्षेत्र को परिवारों के लिए आकर्षक पर्यटन और मनोरंजन स्थल के रूप में तैयार करना है।

अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को बताया कि फिलहाल 30 यात्रियों की क्षमता वाले क्रूज के संचालन की तैयारी की गयी है। सोनिया विहार से जगतपुर स्थित शनि मंदिर तक आने-जाने की पूरी यात्रा में लगभग 35 से 45 मिनट लगेंगे। यात्रियों को निर्धारित मार्ग पर नौका विहार कराया जायेगा और यात्रा पूरी होने के बाद वे शुरुआती स्थान पर लौट सकेंगे। सेवा शुरू करने से पहले लगभग एक सप्ताह तक ट्रायल रन चलाने की योजना है। इसके बाद नवंबर के पहले सप्ताह में औपचारिक शुभारंभ की तैयारी की जा रही है , हालांकि उद्घाटन की अंतिम तारीख तय होने के बाद ही इसकी आधिकारिक घोषणा की जायेगी। यमुना सफारी के लिए परिसर में प्रवेश शुल्क 50 रुपये और क्रूज की पूरी यात्रा का प्रस्तावित किराया 500 रुपये रखा गया है।

मुख्यमंत्री ने परियोजना को पूरा करने में केंद्र सरकार और दिल्ली सरकार की विभिन्न एजेंसियों के बीच समन्वय की सराहना की। इस परियोजना में भारतीय अंतर्देशीय जलमार्ग प्राधिकरण, दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए), दिल्ली पर्यटन एवं परिवहन विकास निगम (डीटीटीडीसी), सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग और दिल्ली जल बोर्ड सहित संबंधित एजेंसियां सहयोग कर रही हैं।

दिल्ली के पर्यटन मंत्री कपिल मिश्रा ने यमुना रिवर सफारी को एक महत्वपूर्ण पर्यटन परियोजना बताते हुए कहा कि केंद्र सरकार, डीडीए, दिल्ली सरकार और दिल्ली पर्यटन के साझा प्रयासों से इसे साकार किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि बोट राइड के साथ म्यूजिक फाउंटेन, वाटर स्पोर्ट्स और फूड पार्क जैसी सुविधाओं के माध्यम से दिल्लीवासियों और पर्यटकों को नदी के किनारे एक बेहतर अनुभव देने की योजना है। उन्होंने दावा किया कि परियोजना में राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) और पर्यावरण से जुड़े सभी मानकों का पालन किया गया है। उन्होंने कहा कि यमुना तट पर इस वर्ष भी भव्य छठ पूजा की तैयारियां की जा रही हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित