नयी दिल्ली , जुलाई 10 -- दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से दक्षिण दिल्ली के महत्वपूर्ण मांडी रोड को राष्ट्रीय राजमार्ग घोषित करने का आग्रह किया है।
श्रीमती गुप्ता ने शुक्रवार को श्री गडकरी को पत्र लिखकर 8.8 किलोमीटर लंबे इस रणनीतिक सड़क कॉरिडोर के विकास का कार्य राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) को सौंपने की मांग की है। उनका कहना है कि इससे दिल्ली-एनसीआर में यातायात व्यवस्था बेहतर होगी और क्षेत्रीय आर्थिक विकास को भी नई गति मिलेगी।
उन्होंने अपने पत्र में कहा है कि मांडी रोड छतरपुर मेट्रो स्टेशन के पास महरौली-गुरुग्राम रोड (एनएच-148ए) को दिल्ली-हरियाणा सीमा पर गुरुग्राम-फरीदाबाद रोड से जोड़ता है। यह मार्ग दिल्ली, गुरुग्राम और फरीदाबाद के बीच एक महत्वपूर्ण संपर्क कड़ी के रूप में कार्य करता है तथा प्रतिदिन बड़ी संख्या में अंतर-राज्यीय वाहनों की आवाजाही इसी सड़क से होती है। इसलिए इस सड़क का उन्नयन और बेहतर प्रबंधन समय की आवश्यकता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यूनिफाइड ट्रैफिक एंड ट्रांसपोर्टेशन इंफ्रास्ट्रक्चर प्लानिंग एंड इंजीनियरिंग सेंटर (यूटीटीआईपीईसी) की गवर्निंग बॉडी ने 27 सितंबर 2023 को आयोजित अपनी 68वीं बैठक में मांडी रोड के महत्व को स्वीकार करते हुए इसके चौड़ीकरण और व्यापक विकास के प्रस्ताव का समर्थन किया था। उन्होंने कहा कि सड़क के रणनीतिक महत्व, वर्तमान और भविष्य की यातायात आवश्यकताओं तथा राष्ट्रीय राजमार्ग-148ए से इसके सीधे जुड़ाव को देखते हुए इसे एनएचएआई के अधीन लाना उपयुक्त होगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित