नयी दिल्ली , अक्टूबर 21 -- दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने दीपावली और अन्य त्योहारों के मद्देनजर राजधानी में सफाई व्यवस्था को लेकर सख्त रुख अपनाते हुए अधिकारियों को कूड़े के ढेर तत्काल हटाने और नियमित सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
उन्होंने कहा कि सफाई के मामले में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मुख्यमंत्री ने नगर निगम को रिहायशी कॉलोनियों, बड़े बाजारों और प्रमुख मार्केट में रात्रिकालीन सफाई शुरू करने को कहा, ताकि त्योहारों के दौरान दिल्ली के सभी इलाकों में स्वच्छता सुनिश्चित की जा सके।
श्रीमती गुप्ता ने बुधवार को यहां उच्चस्तरीय बैठक में सफाई व्यवस्था की समीक्षा के बाद कहा कि कई इलाकों में कूड़ा समय पर नहीं उठाए जाने और सफाई में लापरवाही की शिकायतें मिल रही हैं। उन्होंने अधिकारियों को इन शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई करने और सफाई व्यवस्था में सुधार का असर जमीन पर दिखाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जरूरत वाले क्षेत्रों में अतिरिक्त कर्मचारी तैनात किए जाएं और सफाई के बाद कूड़ा उठाने की व्यवस्था भी सुनिश्चित हो।
उन्होंने अधिकारियों को सड़कों, चौराहों, फ्लाईओवरों, बाजारों और रिहायशी इलाकों से कूड़ा, निर्माण मलबा और गंदगी तत्काल हटाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में जाकर सफाई व्यवस्था का निरीक्षण करें और कमियों को दूर कराएं। केवल बैठकें करने और रिपोर्ट तैयार करने से व्यवस्था नहीं सुधरेगी, बल्कि अधिकारियों को फील्ड में उतरकर काम करना होगा। उन्होंने सफाई अभियान की निगरानी मजबूत करने के लिए तकनीक के बेहतर इस्तेमाल और संबंधित एजेंसियों के बीच समन्वय पर भी जोर दिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित