नयी दिल्ली , अप्रैल 29 -- दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बुधवार को कहा कि उनकी सरकार प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक पारदर्शी, जवाबदेह और भ्रष्टाचार-मुक्त बनाने के लिए लगातार ठोस और नवाचार आधारित कदम उठा रही है।
श्रीमती गुप्ता ने आज कहा कि सरकार प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक पारदर्शी, जवाबदेह और भ्रष्टाचार-मुक्त बनाने के लिए लगातार कदम उठा रही है और इसी कड़ी में व्यापार और कर विभाग ने पहली बार नए आए जीएसटी अधिकारियों और निरीक्षकों को उनकी पोस्टिंग लॉटरी सिस्टम (ड्रॉ ऑफ लॉट्स) से दी है। मुख्यमंत्री का कहना है कि यह एक नया और अहम कदम है।
उन्होंने बताया कि ये सभी अधिकारी 23 अप्रैल के सर्विस ऑर्डर के तहत विभाग में ट्रांसफर होकर आए थे और कुल 87 जीएसटी अधिकारी एवं निरीक्षकों को इस प्रक्रिया के तहत विभिन्न वार्डों में पोस्टिंग दी गई है। यह पूरी प्रक्रिया विभाग के कॉन्फ्रेंस हॉल में आयोजित की गई, जिसमें सभी नए अधिकारी/कर्मचारी और विभाग के वरिष्ठ अधिकारी जैसे आयुक्त, विशेष आयुक्त, संयुक्त आयुक्त और सहायक आयुक्त उपस्थित थे। बैठक में यह सुनिश्चित किया गया कि पूरी प्रक्रिया सभी के सामने खुले और पारदर्शी तरीके से सम्पन्न हो, जिससे किसी भी प्रकार की शंका या पक्षपात की संभावना समाप्त हो सके।
मुख्यमंत्री ने बताया कि पोस्टिंग प्रक्रिया को निष्पक्ष बनाने के लिए विशेष रूप से लॉटरी प्रणाली अपनाई गई, जिसमें प्रत्येक अधिकारी ने स्वयं पर्ची निकाली। इसके लिए दो अलग-अलग बॉक्स रखे गए थे, एक बॉक्स में अधिकारियों/कर्मचारियों के नाम और दूसरे बॉक्स में खाली वार्ड नंबर, जहां रिक्त पद उपलब्ध थे। दोनों बॉक्स से पर्ची निकालने के बाद ही संबंधित अधिकारी का वार्ड तय हुआ। इस प्रक्रिया ने पूरी तरह से निष्पक्षता, पारदर्शिता और समान अवसर सुनिश्चित किया।
उन्होंने कहा कि पूरी कार्रवाई की शुरुआत से अंत तक वीडियोग्राफी कराई गई ताकि हर चरण का आधिकारिक रिकॉर्ड सुरक्षित रखा जा सके और भविष्य में किसी भी स्तर पर सत्यापन संभव हो। वरिष्ठ अधिकारियों की निगरानी में इस प्रक्रिया को संपन्न कराया गया, जिससे संस्थागत विश्वसनीयता और प्रशासनिक ईमानदारी को और मजबूती मिली।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित