नयी दिल्ली , अक्टूबर 24 -- दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शनिवार को सिंगलपुर स्थित प्रेमबाड़ी पुल के पास मुनक नहर क्षेत्र में छठ घाटों के निर्माण और सौंदर्यीकरण कार्यों का निरीक्षण किया।

श्रीमती गुप्ता ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को छठ महापर्व से पहले सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिये। मुख्यमंत्री ने कहा कि विकास कार्यों में केवल औपचारिकता पूरी करने के बजाय उनकी गुणवत्ता, उपयोगिता और सुंदरता पर विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए, ताकि श्रद्धालुओं को पूजा-अर्चना के दौरान बेहतर सुविधाएं मिल सकें।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मुनक नहर क्षेत्र को स्वच्छ, सुंदर और सुव्यवस्थित स्वरूप देने के लिए काम किया जा रहा है। सरकार का प्रयास है कि छठ महापर्व से पहले घाटों के निर्माण और उनसे जुड़े सभी विकास कार्यों को पूरा कर लिया जाये, जिससे श्रद्धालु स्वच्छ वातावरण में सूर्यदेव और छठी मैया की पूजा कर सकें। उन्होंने अधिकारियों को निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी करने और कमियों को तत्काल दूर करने के निर्देश दिये।

उन्होंने निरीक्षण के दौरान हरित क्षेत्रों के विकास, पौधरोपण और लैंडस्केपिंग की समीक्षा भी की। उन्होंने कहा कि पौधरोपण सुविचारित योजना के तहत होना चाहिए। उपलब्ध स्थान और क्षेत्र की सुंदरता को ध्यान में रखते हुए हरित पट्टियों का विकास किया जाये तथा आकर्षक डिजाइन के अनुरूप काम कराया जाये। उन्होंने घाटों की दीवारों की फिनिशिंग, पेंटिंग, आसपास के रास्तों की मरम्मत और आवश्यक स्थानों पर रोशनी की व्यवस्था समय पर पूरी करने को कहा। छठ महापर्व के दौरान क्षेत्र को आकर्षक बनाने के लिए लाइटिंग और झालरों की व्यवस्था करने के भी निर्देश दिये।

मुख्यमंत्री ने घाटों तक पहुंचने वाले रास्तों, सीढ़ियों, जल निकासी और अन्य बुनियादी सुविधाओं की जांच करने पर जोर दिया। उन्होंने सड़क, फुटपाथ, पुल के आसपास के हिस्सों और यातायात व्यवस्था की समीक्षा करते हुए कहा कि विकास कार्य स्थानीय जरूरतों के अनुरूप होने चाहिए। अनावश्यक निर्माण से बचते हुए यातायात के सुचारू संचालन और पैदल यात्रियों की सुविधा को प्राथमिकता दी जाये।

उन्होंने कचरा प्रबंधन और सफाई व्यवस्था में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं करने की चेतावनी दी। उन्होंने निर्देश दिये कि सड़कों और फुटपाथों पर कचरा जमा न हो तथा दुर्गंध और अव्यवस्थित कचरा संग्रहण की समस्या पैदा न होने दी जाए। कचरे के संग्रहण और निस्तारण की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने के साथ निर्माण कार्यों से निकलने वाले मलबे को भी समय पर हटाया जाये।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित