नयी दिल्ली , जून 12 -- दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मालवीय नगर अग्निकांड और साकेत भवन हादसे में जान गंवाने वाले प्रत्येक व्यक्ति के परिजनों को 10 लाख रुपये की अनुग्रह राशि तथा घायलों को दो-दाे लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।
श्रीमती गुप्ता ने शुक्रवार को यहां एक कार्यक्रम में मालवीय नगर अग्निकांड और साकेत (सैदुलाजाब) भवन ढहने की दुर्घटना में जान गंवाने वाले लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने राहत एवं बचाव कार्यों में साहस और मानवता का परिचय देने वाले नागरिकों, पुलिसकर्मियों और अधिकारियों को सम्मानित किया।
मुख्यमंत्री ने दोनों घटनाओं में जान गंवाने वाले प्रत्येक व्यक्ति के परिजनों को 10 लाख रुपये की अनुग्रह राशि तथा घायलों को दो लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सहायता राशि का वितरण शीघ्र, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने अपनी जान की परवाह किए बिना दूसरों की रक्षा करने वाले साहसी नागरिकों, पुलिसकर्मियों, प्रशासनिक अधिकारियों और बचावकर्मियों को 21,000 रुपये के चेक और प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मालवीय नगर और साकेत की घटनाएं अत्यंत दुखद और हृदयविदारक थीं, जिन्होंने कई परिवारों को गहरे आघात पहुंचाया है। उन्होंने कहा कि हौजरानी की घटना में एक पूरा परिवार खत्म हो गया, जबकि उपचार के लिए भारत आए विदेशी नागरिकों के परिवार भी इस त्रासदी की चपेट में आए। यह केवल प्रभावित परिवारों की नहीं, बल्कि पूरे समाज की पीड़ा है।
श्रीमती गुप्ता ने कहा, "मानवता की रक्षा के लिए जोखिम उठाने वाले प्रत्येक नागरिक और बचावकर्मी को दिल्ली सरकार नमन करती है। प्रभावित परिवारों के साथ सरकार पूरी संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता के साथ खड़ी है।" उन्होंने यह भी कहा कि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सुरक्षा मानकों, आपदा प्रबंधन व्यवस्था और जन-जागरूकता को और मजबूत किया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित