अल्मोड़ा , अप्रैल 08 -- केबिनेट मंत्री रेखा आर्य ने उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले के सोमेश्वर विधानसभा क्षेत्र के कंडोलिया मनान गांव में आयोजित जन मिलन कार्यक्रम में बुधवार को प्रतिभाग करते हुए ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और विकास कार्यों के लिए 13.50 लाख रुपये की घोषणा की।

प्राप्त जानकारी के अनुसार कार्यक्रम देवी मंदिर परिसर में आयोजित किया गया, जहां बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। इस दौरान ग्रामीणों ने सड़क निर्माण, राशन कार्ड में नाम जोड़ने, बिजली, पानी तथा आर्थिक सहायता दिलाने जैसी समस्याएं रखीं।

श्रीमती आर्य ने मौके पर ही कई समस्याओं का समाधान किया, जबकि शेष मामलों को शीघ्र निस्तारित करने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि सरकार क्षेत्र के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है और जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान उसकी प्राथमिकता है।

उन्होंने ग्रामवासियों की मांग पर सड़क निर्माण सहित अन्य विकास कार्यों के लिए विधायक निधि से 13.50 लाख रुपये उपलब्ध कराने की घोषणा भी की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित