पौड़ी , अगस्त, 06 -- उत्तराखंड में जनपद की कोटद्वार पुलिस ने गुरुवार को घरों की रेकी कर चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले शातिर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए गैंग लीडर समेत तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से चोरी की गई सोने-चांदी की ज्वैलरी, अन्य सामान, घटना में प्रयुक्त स्कूटी और ताला तोड़ने के औजार भी बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, 3 अगस्त 2026 को प्राची रावत निवासी कोटद्वार ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 2 अगस्त को वह अपनी माता को छोड़ने घर से बाहर गई थीं। लौटने पर घर का ताला टूटा मिला और घर से सोने-चांदी के आभूषण सहित अन्य सामान चोरी हो चुका था। शिकायत के आधार पर कोतवाली कोटद्वार में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार ठाकुर, क्षेत्राधिकारी अस्मिता ममगाई और प्रभारी निरीक्षक प्रदीप नेगी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया, सीसीटीवी फुटेज खंगाली और सर्विलांस के जरिए संदिग्धों की पहचान की। सघन जांच के बाद राहत अली (35) निवासी दिल्ली, अरुण (23) निवासी अमरोहा और रिहान (22) निवासी संभल सराय, उत्तर प्रदेश को गिरफ्तार कर लिया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित