वाशिंगटन , अक्टूबर 07 -- अमेरिका का रोग नियंत्रण एवं रोकथाम केंद्र (सीडीसी) रूस में संदिग्ध न्यूमोनिक प्लेग के एक मामले की रिपोर्ट की निगरानी कर रहा है और किसी भी संभावित खतरे से निपटने के लिए तैयार है।
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ उनकी जल्द ही बातचीत होने वाली है, जिसमें इस मामले पर चर्चा की जायेगी। उन्होंने कहा कि अमेरिकी अधिकारी मामले को लेकर "बहुत गहन चर्चा" कर रहे हैं और अधिक जानकारी शीघ्र सामने आ सकती है।
मामला रूस के एक प्लेग रोधी संस्थान में काम करने वाली दर्या शिपिलोवा की मौत से जुड़ा है। रिपोर्टों के अनुसार, साइबेरिया स्थित अनुसंधान प्लेग रोधी संस्थान में काम के दौरान उनके प्लेग बैक्टीरिया के संपर्क में आने की आशंका थी। रूसी अधिकारियों ने कहा है कि जांच में उनकी मौत को प्लेग या कार्यस्थल पर उनके द्वारा संभाले गये किसी रोगजनक से नहीं जोड़ा गया है। क्षेत्र के कम से कम पांच अस्पताल अब भी पृथक निगरानी में हैं और शिपिलोवा के संपर्क में आये करीब 200 लोगों को एहतियात के तौर पर चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया है।
सीडीसी ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर कहा कि वह अमेरिकी सरकार की विभिन्न एजेंसियों के साथ मिलकर मामले की स्थिति का आकलन कर रहा है। एजेंसी ने कहा कि फिलहाल अमेरिका के लिए किसी व्यापक खतरे का संकेत नहीं है, लेकिन सीडीसी और उसके सहयोगी संभावित घटनाक्रम पर करीबी नजर रख रहे हैं।
सीडीसी के अनुसार, प्लेग एक गंभीर जीवाणुजनित बीमारी है जिसका इलाज एंटीबायोटिक दवाओं से किया जा सकता है, खासकर समय रहते इसकी पहचान होने पर। न्यूमोनिक प्लेग फेफड़ों को प्रभावित करता है और निकट संपर्क में सांस के जरिए निकलने वाली बूंदों से एक व्यक्ति से दूसरे में फैल सकता है। उपचार नहीं मिलने पर यह प्लेग का सबसे खतरनाक रूप है।
सीडीसी ने कहा कि संक्रमित लोगों की जल्द पहचान और उपचार तथा संभावित रूप से संक्रमित लोगों की निगरानी संक्रमण के जोखिम को सीमित करने के लिए महत्वपूर्ण है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित