कीव , सितंबर 17 -- रूस ने बुधवार रात से लेकर गुरुवार सुबह तक यूक्रेन की राजधानी कीव और अन्य क्षेत्रों पर मिसाइलों तथा घातक ड्रोनों से भीषण हमले किए जिसके कारण दो बच्चों सहित कम से कम 18 लोग घायल हो गए। हमले के कारण कीव के 10 से अधिक स्थानों पर नुकसान दर्ज किया गया है।
कीव के मेयर विटाली क्लिट्स्को के अनुसार, सबसे अधिक नुकसान 16 मंजिला आवासीय इमारत को पहुंचा है। शहर के चार जिलों में गोदामों और एक पेट्रोल पंप को नुकसान पहुंचा, जबकि नीपर नदी के पूर्वी तट पर जल आपूर्ति अस्थायी रूप से बाधित हो गई।
यूक्रेनी वायु सेना ने जानकारी दी कि रातभर के हमले में कुल 131 हवाई लक्ष्यों को निष्प्रभावी या नष्ट कर दिया गया। रूस की ओर से इस हमले में ओनिक्स एंटी-शिप क्रूज मिसाइलें, बैलिस्टिक मिसाइलें, चार क्रूज मिसाइलें और लगभग 160 ड्रोन दागे गए। कीव के अलावा ओडेसा और ज़ापोरिज्जिया क्षेत्रों में भी भारी तबाही हुई है। ओडेसा में एक 19 मंजिला इमारत क्षतिग्रस्त होने से दो बच्चों समेत छह लोग घायल हुए, जबकि ज़ापोरिज्जिया में एक औद्योगिक इकाई पर मिसाइल गिरने से आग लग गई।
यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की ने रूसी हमलों की निंदा करते हुए कहा कि यूक्रेनी सेना रूसी सरजमीं पर भी करारा जवाब दे रही है। सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर जेलेंस्की ने बताया कि संयुक्त अभियान में रूस के यारोस्लाव तेल रिफाइनरी पर सफल हमला किया गया। इसके अतिरिक्त, रोस्तोव क्षेत्र में स्थित एक सैन्य हवाई अड्डे पर हमला कर रूस के एक एएन-12 और दो एएन -26 परिवहन विमानों तथा तीन हेलीकॉप्टरों को क्षतिग्रस्त कर दिया गया है। दूसरी ओर, समारा के गवर्नर व्याचेस्लाव फेडोरिशचेव के अनुसार, 40 से अधिक यूक्रेनी ड्रोन ने रूसी औद्योगिक क्षेत्रों को निशाना बनाया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित