कीव , अगस्त 20 -- रूस ने कीव और आसपास के इलाकों पर बड़े पैमाने पर हमले किए, जिसमें कम से कम 16 लोगों की मौत हो गई और कई अन्य लोग घायल हो गये।
यूक्रेनी अधिकारियों ने गुरुवार को बताया कि ये हमले पड़ोसी देशों रोमानिया और मोल्दोवा तक भी फैल गये। इन हमलों से यूक्रेन की राजधानी में रिहायशी इमारतों और अस्पताल, विद्यालयों और गोदाम को नुकसान पहुंचा। मीडिया रिपोर्टों के अनुसार आपातकालीन टीमें क्षतिग्रस्त इमारतों में जीवित बचे लोगों की तलाश कर रही हैं, जबकि दमकलकर्मी शहरभर में लगी भीषण आग पर काबू पाने की कोशिश कर रहे हैं।
यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने कहा कि रूस ने बड़े पैमाने पर तबाही मचाने के उद्देश्य से ड्रोन के साथ-साथ क्रूज और बैलिस्टिक मिसाइलों का इस्तेमाल करके हमला किया।
यूक्रेन ने बताया कि हमलों में चेर्निहाइव क्षेत्र में ऊर्जा और गैस से जुड़ी सुविधाओं और ओडेसा क्षेत्र में मोल्दोवा के साथ सीमा पार करने वाले रास्ते को भी निशाना बनाया गया। जाइटॉमिर, खेरसॉन, खार्किव और डोनेट्स्क में भी हमलों की खबर है।
क्षेत्रीय अधिकारियों के अनुसार पिछले 24 घंटों में पूरे यूक्रेन में कम से कम 25 लोगों की मौत हुई और 132 लोग घायल हुए।
रूस के रक्षा मंत्रालय ने कहा कि उसने कीव और आसपास के इलाकों में सैन्य ठिकानों, परिवहन और लॉजिस्टिक्स केंद्र और गोदामों पर सटीक निशाना साधने वाले हथियारों का इस्तेमाल करके हमला किया।
इस तनाव का असर पड़ोसी देशों पर भी पड़ा। रोमानिया ने कहा कि यूक्रेनी सीमा के पास तुलसिया काउंटी के एक निर्जन इलाके में रूसी ड्रोन दुर्घटनाग्रस्त हो गया। रोमानिया के अधिकारियों ने बाद में समुद्र में चल रहे प्राकृतिक गैस परियोजना के पास विस्फोटक ले जा रहे एक समुद्री ड्रोन को रोकने के लिए दो एफ-16 लड़ाकू विमान भेजे। मोल्दोवा ने भी रातभर हुए हमलों से जुड़ी गतिविधियों की सूचना दी, जिससे यूक्रेन की सीमा से लगे देशों पर इस संघर्ष के बढ़ते असर को लेकर चिंता और बढ़ गई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित