देवरिया , अगस्त 23 -- यूक्रेन के ओडेसा तट के निकट मालवाहक जहाज पर रूसी मिसाइल हमले में जान गंवाने वाले देवरिया के अभिषेक निषाद का शव 34 दिन बाद रविवार को भारत लाया गया।
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार नाविक अभिषेक का शव आज दिल्ली लाया गया। इसके बाद अभिषेक के परिजन और रिश्तेदार शव को लेकर पैतृक गांव करमेल के लिए रवाना हो गये। शव के आज देर रात गांव पहुंचने की उम्मीद हैं।
सूत्रों के अनुसार गौरी बाजार क्षेत्र के ग्राम करमेल निवासी अभिषेक निषाद मालवाहक जहाज गोल्डन लियो पर कार्यरत थे और 19 जुलाई को यूक्रेन के ओडेसा बंदरगाह के निकट जहाज पर रूसी मिसाइल हमला हुआ, जिसमें कुछ अन्य कर्मचारियों के साथ अभिषेक की भी मौत हो गई थी।
सूत्रों के अनुसार डीएनए जांच और अन्य औपचारिकताएं पूरी होने के बाद शव को विमान से नई दिल्ली लाया गया। कंपनी की एंबुलेंस से शव को करमेल लाया जा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित