नयी दिल्ली , मई 15 -- रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने शुक्रवार को कहा कि रूसी पेट्रोलियम पदार्थों की आपूर्ति बढ़ाने के लिए रूस और भारत पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं।

श्री लावरोव ने ब्रिक्स देशों की बैठक के बाद अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट पर वीडियो साझा करते हुए बताया कि दोनों देश पेट्रोलियम पदार्थों, उर्वरकों की आपूर्ति बढ़ाने और शांतिपूर्ण परमाणु ऊर्जा के क्षेत्र में सहयोग को बढ़ावा देने के इच्छुक हैं। इसके साथ ही, भारत में परमाणु ऊर्जा संयंत्र के अतिरिक्त ब्लॉकों के निर्माण और व्यापार-निवेश सहयोग पर भी विस्तृत चर्चा हुई है।

रूसी विदेश मंत्री ने कहा कि दोनों देशों के बीच सैन्य और तकनीकी सहयोग हमेशा की तरह उच्च स्तर पर है, जिसके तहत अत्याधुनिक रक्षा प्रौद्योगिकियों पर आधारित आधुनिक हथियारों का संयुक्त उत्पादन किया जा रहा है। उन्होंने पुष्टि की कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी वर्ष 2026 में रूस का दौरा करेंगे और दोनों पक्ष इस शिखर सम्मेलन की तैयारियां कर रहे हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित