भोपाल , अक्टूबर 05 -- मध्यप्रदेश में पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत रूफटॉप सोलर संयंत्र लगाने पर केंद्र सरकार द्वारा 78 हजार रुपये तक की सब्सिडी दी जा रही है। एक किलोवॉट सोलर संयंत्र लगाने पर 30 हजार रुपये, दो किलोवॉट पर 60 हजार रुपये तथा तीन किलोवॉट या उससे अधिक के सोलर संयंत्र की स्थापना पर 78 हजार रुपये की सब्सिडी निर्धारित है।

योजना का लाभ लेने के इच्छुक घरेलू विद्युत उपभोक्ताओं के लिए मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी द्वारा 06 अक्टूबर को रविन्द्र भवन, भोपाल में विशेष सेवा सेतु शिविर आयोजित किया जाएगा। शिविर का शुभारंभ नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा मंत्री राकेश शुक्ला करेंगे, जबकि ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ऑनलाइन माध्यम से जुड़ेंगे।

शिविर में रूफटॉप सोलर संयंत्र के पंजीयन, आवेदन, सब्सिडी, बैंक ऋण, स्थापना और नेट मीटरिंग से संबंधित जानकारी एवं मार्गदर्शन एक ही स्थान पर उपलब्ध कराया जाएगा। इसके लिए पंजीयन काउंटर, बैंक अधिकारियों तथा अधिकृत रूफटॉप सोलर वेंडरों के स्टॉल लगाए जाएंगे। वेंडर संयंत्र की लागत एवं स्थापना तथा बैंक प्रतिनिधि ऋण प्रक्रिया की जानकारी देंगे। शिविर में पीएम सूर्य घर योजना के वर्किंग मॉडल और डिस्प्ले भी लगाए जाएंगे।

मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के मुख्य महाप्रबंधक (भोपाल क्षेत्र) बी.बी.एस. परिहार ने बताया कि शिविर में उपभोक्ताओं को योजना का लाभ लेने के लिए आवश्यक मार्गदर्शन और विभिन्न सुविधाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जाएंगी।

प्रबंध संचालक ऋषि गर्ग ने उपभोक्ताओं से 06 अक्टूबर को सुबह 10 बजे से शाम चार बजे तक रविन्द्र भवन पहुंचकर पीएम सूर्य घर योजना का लाभ लेने की अपील की है। शिविर में रूफटॉप सोलर पंजीयन, योजना एवं सब्सिडी की जानकारी, बैंक ऋण सुविधा, अधिकृत वेंडरों से मार्गदर्शन तथा नेट मीटरिंग संबंधी जानकारी उपलब्ध रहेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित