लखनऊ , अगस्त 1 -- प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के तहत रूफटॉप सोलर ऊर्जा के विस्तार में उत्तर प्रदेश के 17 जनपद देश के शीर्ष 100 जिलों में शामिल हुए हैं। राजधानी लखनऊ लगातार देश का नंबर-1 जिला बना हुआ है।

यूपी नेडा (उत्तर प्रदेश नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा विकास अभिकरण) के निदेशक रविन्दर सिंह ने बताया कि लखनऊ में 1,24,167 रूफटॉप सोलर संयंत्रों की स्थापना के साथ यह जिला देश में प्रथम स्थान पर कायम है। उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में घरों और संस्थानों द्वारा सौर ऊर्जा अपनाए जाने से यह उपलब्धि संभव हुई है।

राष्ट्रीय रैंकिंग में वाराणसी 48,829 संयंत्रों के साथ 10वें और कानपुर नगर 43,289 संयंत्रों के साथ 14वें स्थान पर है। इस तरह देश के शीर्ष 15 जिलों में उत्तर प्रदेश के तीन जिले शामिल हैं।

उन्होंने बताया कि प्रदेश के 17 जिलों का देश के शीर्ष 100 में स्थान प्राप्त करना इस बात का प्रमाण है कि उत्तर प्रदेश में रूफटॉप सोलर के प्रति जागरूकता, सरकारी प्रोत्साहन और योजनाओं का प्रभाव तेजी से बढ़ा है। प्रधानमंत्री सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना के प्रभावी क्रियान्वयन से बड़ी संख्या में उपभोक्ता सौर ऊर्जा से जुड़ रहे हैं।

रूफटॉप सोलर संयंत्रों के विस्तार से उपभोक्ताओं के बिजली बिल में उल्लेखनीय कमी आ रही है। साथ ही अतिरिक्त बिजली ग्रिड में भेजकर आर्थिक लाभ प्राप्त करने का अवसर भी मिल रहा है। इससे स्वच्छ ऊर्जा उत्पादन को बढ़ावा मिलने के साथ कार्बन उत्सर्जन में कमी और पर्यावरण संरक्षण को भी मजबूती मिल रही है।

यूपी नेडा के अनुसार, जनजागरूकता अभियान, ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया को सरल बनाना, समयबद्ध स्वीकृति, डिस्कॉम और संबंधित एजेंसियों के बेहतर समन्वय तथा सब्सिडी वितरण की प्रभावी व्यवस्था के कारण उत्तर प्रदेश में रूफटॉप सोलर संयंत्रों की स्थापना तेजी से बढ़ रही है। विभाग का मानना है कि आने वाले समय में प्रदेश स्वच्छ ऊर्जा के क्षेत्र में देश का अग्रणी केंद्र बनकर उभरेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित