रायपुर , मई 27 -- छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने राज्य योग आयोग के अध्यक्ष रूपनारायण सिन्हा के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए बुधवार सुबह राजधानी रायपुर के कबीर नगर स्थित उनके निवास पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित की।

इस दौरान प्रदेश के गृहमंत्री विजय शर्मा तथा वन मंत्री केदार कश्यप भी मौजूद रहे।

श्री सिन्हा की तबीयत मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान अचानक बिगड़ गई थी। सीने में दर्द की शिकायत के बाद उन्हें तत्काल सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान दिल का दौरा पड़ने से उनका निधन हो गया। उनका अंतिम संस्कार आज किया जाएगा।

मुख्यमंत्री साय ने शोक संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि श्री सिन्हा से उनका वर्षों पुराना आत्मीय संबंध रहा है। उन्होंने कहा कि श्री सिन्हा लंबे समय से संगठनात्मक गतिविधियों से जुड़े रहे और सामाजिक जीवन में भी सक्रिय भूमिका निभाते रहे। मुख्यमंत्री ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोकाकुल परिजनों को इस कठिन समय में संबल प्रदान करने की प्रार्थना की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित