नैनीताल , अक्टूबर 31 -- "ड्रग्स फ्री उत्तराखण्ड" अभियान के तहत कुमाऊं पुलिस के विशेष अभियान कार्य बल (एसओटीएफ) ने शुक्रवार रात को ऊधमसिंह नगर के रूद्रपुर में दो मेडिकल स्टोरों पर छापेमारी कर 3,207 प्रतिबंधित टैबलेट बरामद की हैं।

एक स्टोर संचालक के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम में मुकदमा दर्ज किया गया है, जबकि दूसरे स्टोर का लाइसेंस निरस्त कर उसे सील कर दिया गया है। यह कार्रवाई पुलिस महानिरीक्षक कुमाऊं परिक्षेत्र निवेदिता कुकरेती के निर्देशन में हुई।

शनिवार को प्राप्त जानकारी के अनुसार, शुक्रवार रात रेंज एसओटीएफ कुमाऊं, थाना आईटीआई और औषधि निरीक्षक की संयुक्त टीम ने मुखबिर की सूचना पर खड़गपुर देवीपुरा स्थित दो मेडिकल स्टोरों की जांच की। टीम ने खड़गपुर देवीपुरा, वार्ड नंबर नौ स्थित कृष्णा मेडिकल स्टोर की जांच की। संचालक रोहित कुमार (30) मूल निवासी ग्राम मऊ, थाना सिविल लाइन, मुरादाबाद (हाल निवासी ग्राम गिन्नी खेड़ा, थाना आईटीआई) के स्टोर से 2,344 ट्रामाडोल और 600 अल्प्राजोलम की टैबलेट बरामद की गई।

इस पर थाना आईटीआई में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ पहले भी एनडीपीएस अधिनियम में मामला दर्ज हो चुका है।

इसी प्रकार राधिका मेडिकल स्टोर के संचालक घनश्याम सिंह (35 वर्ष) निवासी वार्ड नंबर चार, ईदगाह रोड, जसपुर पट्टी, थाना जसपुर के यहां से 124 ट्रामाडोल और 139 अल्प्राजोलम की टैबलेट बरामद हुईं। मामले की गंभीरता को देखते हुए औषधि निरीक्षक ने मौके पर ही लाइसेंस निरस्तीकरण की कार्रवाई की और तहसीलदार ने स्टोर को सील कर दिया।

आईजी निवेदिता कुकरेती ने कहा कि नशे के अवैध कारोबार में शामिल लोगों और प्रतिबंधित दवाओं की अवैध बिक्री करने वाले मेडिकल स्टोर संचालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वाले नशे के सौदागरों को किसी भी दशा में बख्शा नहीं जाएगा और नशामुक्त समाज के लिए पुलिस व संबंधित विभाग मिलकर कार्रवाई करेंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित