रुद्रपुर , सितंबर 05 -- उत्तराखंड की रूद्रपुर पुलिस ने ट्रांजिट कैंप क्षेत्र में बंद घर में हुई चोरी का शनिवार को खुलासा करते हुए दो शातिर चोरों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी किए गए लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार कृष्णा कॉलोनी निवासी विजय कुमार प्रसाद ने गत 03 सितंबर को थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया कि वे 28 अगस्त को परिवार सहित अयोध्या घूमने गए थे। वापस लौटने पर उनके मकान का ताला टूटा मिला और अज्ञात चोर सोने-चांदी के जेवरात चुरा ले गए।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अजय गणपति के निर्देश पर कोतवाली ट्रांजिट कैंप में मुकदमा दर्ज कर प्रभारी निरीक्षक धर्मवीर सोलंकी की अगुवाई में एक पुलिस टीम गठित की गई। पुलिस ने घटनास्थल के आस पास के सीसीटीवी कैमरों को खंगाला।

आज पुलिस टीम ने कृष्णा कॉलोनी की खजूर वाली गली में चोरी के दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। बताया जा रहा है कि आरोपी पंचवटी स्टेट के पास चोरी के आभूषण बेचने की फिराक में थे। तलाशी लेने पर आरोपियों के पास से चोरी किए गए सोने-चांदी के आभूषण बरामद हुए।

पूछताछ में आरोपियों ने अपना जुर्म कुबूल कर लिया और बताया कि उन्होंने रक्षाबंधन के दूसरे दिन घर का ताला तोड़कर कर हाथ साफ कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कृष्णा कॉलोनी निवासी सुनील राजपूत (19) तथा सौरभ नगर निवासी विश्वजीत मंडल (23 के रूप में हुई है। इनके कब्जे से सोने का हार, मांगटीका, मंगलसूत्र, लॉकेट सहित चेन, झुमके, चार अंगूठियां, नथ, चांदी का ब्रेसलेट, सिक्के, पायल, बिछिया, चांदी की चेन, कमरबंद तथा पायजेब सहित कुल कई कीमती आभूषण बरामद किए गए हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित