हरिद्वार , मई 05 -- उत्तराखंड में हरिद्वार जिले के रुड़की में मंगलवार तड़के उस समय सनसनी फैल गई, जब अंबर तालाब मोहल्ला क्षेत्र में नेहरू स्टेडियम रुड़की के पीछे स्थित "विन्नी गिफ्ट सेंटर" के गोदाम में अचानक आग लग गयी। कुछ ही मिनटों में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और आसमान तक उठती लपटों से पूरे इलाके को दहशत फैल गयी।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आज तड़के पहले गोदाम से धुआं उठता दिखाई दिया लेकिन देखते ही देखते आग ने पूरे परिसर को अपनी चपेट में ले लिया। गोदाम में भारी मात्रा में रखे ज्वलनशील सजावटी सामान के कारण आग तेजी से फैलती चली गई और पूरा गोदाम धू-धू कर जलने लगा।
आग लगते ही रिहायशी इलाके में अफरा-तफरी मच गई। लोग घबराकर घरों से बाहर निकल आए और तुरंत दमकल विभाग को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची दमकल टीम को संकरी गलियों के कारण भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। हालात बिगड़ते देख मंगलौर और भगवानपुर से भी अतिरिक्त दमकल वाहन बुलाए गए।
कई घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाया, जिसके बाद स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली। घटना के दौरान पुलिस और प्रशासन की टीम भी मौके पर डटी रही और स्थिति को नियंत्रित किया।
प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है, हालांकि आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही होगी। गनीमत रही कि इस भीषण हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई लेकिन गोदाम में रखा लाखों का सामान जलकर खाक हो गया, जिससे भारी आर्थिक नुकसान की आशंका जताई जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित