मुंबई , मई 12 -- रुपये पर जारी दबाव और आईटी कंपनियों में भारी बिकवाली के कारण मंगलवार को घरेलू शेयर बाजारों में शुरुआती कारोबार में गिरावट देखी गयी।
बीएसई का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 326.89 अंक टूटकर 75,688.39 अंक पर खुला। खबर लिखे जाते समय यह 668.47 अंक (0.88 प्रतिशत) की गिरावट के साथ 75,346.81 अंक पर था।
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी-50 सूचकांक भी 93.25 अंक टूटकर 23,722.60 अंक पर खुला। खबर लिखे जाते समय यह 179.60 अंक यानी 0.75 प्रतिशत नीचे 23,636.25 अंक पर रहा।
अंतरबैंकिंग मुद्रा बाजार में रुपये में आज भी गिरावट रही और यह अब तक के ऐतिहासिक निचले स्तर तक लुढ़क गया। पिछले कारोबारी दिवस पर 95.28 रुपये प्रति डॉलर पर बंद होने वाली भारतीय मुद्रा आज 29 पैसे नीचे 95.57 रुपये प्रति डॉलर पर खुली। एक समय यह 95.63 रुपये प्रति डॉलर तक गिर गई थी। हालांकि खबर लिखे जाते समय यह 22 पैसे नीचे 95.50 रुपये प्रति डॉलर पर रही।
रुपये की कमजोरी के कारण शेयर बाजारों में भी निवेश धारणा प्रभावित हुई। साथ ही आईटी कंपनियों में बिकवाली से बाजार पर दबाव बढ़।
आईटी कंपनियों का सूचकांक फिलहाल तीन प्रतिशत से ज्यादा की गिरावट में है। वित्त, निजी बैंक, मीडिया, रियलिटी, रसायन, टिकाऊ उपभोक्ता उत्पाद और एफएमसीजी समूहों की कंपनियों में भी बिकवाली हावी रही। वहीं, धातु और सार्वजनिक बैंकों के सूचकांक फिलहाल ऊपर हैं।
सेंसेक्स की कंपनियों में टीसीएस, इंफोसिस, टेक महिंद्रा, एचसीएल टेक्नोलॉजीज, अडानी पोर्ट्स और आईसीआईसीआई बैंक के शेयर सबसे अधिक गिरावट में हैं। एनटीपीसी, टाटा स्टील और भारतीय स्टेट बैंक के शेयरों में फिलहाल लिवाली देखी जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित