मुंबई , मार्च 18 -- अंतरबैंकिंग मुद्रा बाजार में रुपया बुधवार को 49 पैसे की बड़ी गिरावट के साथ 92.89 रुपये प्रति डॉलर के रिकॉर्ड निचले स्तर पर बंद हुआ।
भारतीय मुद्रा पहली बार 92.50 रुपये प्रति डॉलर से नीचे लुढ़की है। पिछले कारोबारी दिवस पर यह 11.75 पैसे की गिरावट में 92.40 रुपये प्रति डॉलर पर बंद हुई थी।
रुपये की शुरुआत आज दो पैसे की गिरावट के साथ 92.42 रुपये प्रति डॉलर पर हुई थी। आज का इसका उच्चतम स्तर 92.41 रुपये प्रति डॉलर रहा। हालांकि बाद में लगातार टूटता हुआ यह 92.89 रुपये प्रति डॉलर तक लुढ़क गया और अंत में उसी स्तर पर बंद हुआ।
अंतर्राष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल में करीब पांच प्रतिशत के उछाल से रुपया कमजोर हुआ। विदेशी संस्थागत निवेशकों के भारतीय पूंजी बाजार में बिकवाल रहने और दुनिया की अन्य प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले डॉलर सूचकांक में तेजी से भी रुपये पर दबाव बढ़ा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित