मुंबई , जुलाई 07 -- अंतरबैंकिंग मुद्रा बाजार में डॉलर की मांग कमजोर रहने से मंगलवार को रुपया 47 पैसे मजबूत हुआ और कारोबार की समाप्ति पर एक डॉलर 94.96 रुपये प्रति डॉलर बोला गया।
पिछले कारोबारी दिवस पर 25 पैसे टूटकर 95.43 रुपये प्रति डॉलर पर बंद होने वाली भारतीय मुद्रा आज 10 पैसे की मजबूती के साथ 95.33 रुपये प्रति डॉलर पर खुली। बीच कारोबार में यह नीचे 95.37 रुपये और ऊपर 94.94 रुपये प्रति डॉलर तक गयी। अंत में 94.96 रुपये प्रति डॉलर पर बंद हुई।
कारोबारियों ने बताया कि डॉलर की मांग आज कमजोर रही। विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफपीआई) ने भी भारतीय पूंजी बाजार में 10.43 करोड़ डॉलर का शुद्ध निवेश किया। इससे भी रुपये को समर्थन मिला।
दूसरी तरफ, अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल में मजबूती से रुपये की बढ़त सीमित रही। लंदन का ब्रेंट क्रूड वायदा डेढ़ फीसदी चढ़कर एक बार फिर 73 डॉलर प्रति बैरल के पार निकल गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित