रुद्रप्रयाग , मार्च 13 -- उत्तराखंड में रुद्रप्रयाग जिलाधिकारी के निर्देशों में जिले में एलपीजी गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी रोकने के लिए प्रशासन द्वारा गठित टीमों ने विभिन्न क्षेत्रों में छापेमारी अभियान चलाया। इस दौरान टीमों ने बाजारों और दुकानों का औचक निरीक्षण कर घरेलू गैस सिलेंडरों के अवैध भंडारण और उपयोग की जांच की।

छापेमारी के दौरान एक टीम ने घोलतीर और सुमेरपुर बाजार क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए 22 घरेलू गैस सिलेंडर बरामद कर जब्त किए। जांच के दौरान पाया गया कि घरेलू उपयोग के लिए निर्धारित सिलेंडरों का व्यावसायिक कार्यों में इस्तेमाल किया जा रहा था, जो नियमों का उल्लंघन है। जब्त किए गए सिलेंडरों को नियमानुसार कब्जे में लेते हुए संबंधित लोगों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

इस अभियान के दौरान पूर्ति निरीक्षक पी.बी. सती, पूर्ति निरीक्षक सी.एम. बरमोला, वीरेंद्र सिंह नेगी, एच.एस. रावत तथा थानाध्यक्ष रुद्रप्रयाग सुरेश बलूनी सहित पुलिस और प्रशासन के अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।

जिला प्रशासन अधिकारी ने स्पष्ट करते हुए आज बताया कि एलपीजी सिलेंडरों की कालाबाजारी और दुरुपयोग किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि ऐसे मामलों पर लगातार निगरानी रखते हुए समय-समय पर छापेमारी अभियान चलाया जाए, ताकि उपभोक्ताओं को गैस की आपूर्ति सुचारू रूप से मिलती रहे और किसी भी प्रकार की अनियमितता पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित