रुद्रप्रयाग , फरवरी 28 -- उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग में सर्विकल कैंसर के खिलाफ राष्ट्रव्यापी टीकाकरण अभियान के तहत शनिवार को जिला चिकित्सालय में आयोजित कार्यक्रम में एचपीवी टीकाकरण अभियान का शुभारंभ हो गया। अभियान के तहत जिले में 14 वर्ष की 2282 लड़कियों के टीकाकरण का लक्ष्य रखा गया है।
जिला चिकित्सालय में मुख्य अतिथि स्थानीय विधायक भरत सिंह चौधरी की मौजूदगी में आयोजित कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा अजमेर राजस्थान से शुभांरभ किए गए उक्त अभियान के उद्घाटन कार्यक्रम का सजीव प्रसारण किया गया। इस अवसर पर विधायक ने कहा कि सरकार जनस्वास्थ्य को लेकर लगातार संवदेनशील है, इसी का नतीजा है कि गर्भाशय कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से निपटने के लिए एचपीवी राष्ट्रव्यापी टीकाकरण अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने लक्षित आयु वर्ग की लड़कियों का टीकाकरण करवाने की अपील की है। जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम कठैत ने लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने की अपील की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित