जखोली/रुद्रप्रयाग , अक्टूबर, 22 -- उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले में गुरुवार को एक सनसनीखेज वारदात सामने आई। जखोली तहसील के बेनोली ग्राम पंचायत स्थित घुणेश्वर महादेव मंदिर में रह रहे 57 वर्षीय साधु की कथित तौर पर लाठी-डंडों से पीटकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने मौके पर मौजूद आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।

मृतक की पहचान मुन्ना प्रसाद पुत्र गजाधर प्रसाद, निवासी मुसाहरी, जिला बिजनौर के रूप में हुई है। बताया गया कि वह लंबे समय से घुणेश्वर महादेव मंदिर में रहकर पूजा-पाठ करते थे।

ग्राम प्रधान सूर्य प्रकाश नौटियाल के अनुसार, गुरुवार दोपहर करीब दो से तीन बजे के बीच नाग ग्राम पंचायत निवासी तेज सिंह (45) मंदिर पहुंचा। वहां किसी बात को लेकर उसकी साधु मुन्ना प्रसाद से कहासुनी हो गई। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर तेज सिंह ने लाठी-डंडों और मंदिर में रखी अन्य वस्तुओं से साधु पर हमला कर दिया, जिससे उनकी मौत हो गई। इसके बाद मंदिर में रखे दानपात्र, बर्तनों और अन्य सामान में भी तोड़फोड़ की गई।

घटना का पता उस समय चला, जब गांव की कुछ महिलाएं मंदिर पहुंचीं। उन्होंने मंदिर के पास खेत में साधु का क्षत-विक्षत शव पड़ा देखा और तत्काल ग्रामीणों को सूचना दी। ग्रामीण मौके पर पहुंचे तो आरोपी कथित तौर पर मंदिर में तोड़फोड़ कर रहा था। इसके बाद ग्रामीणों ने उसे पकड़कर धर्मशाला में बंद कर दिया और पुलिस को सूचना दी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित