रुद्रप्रयाग, 12मार्च (वार्ता) उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जनपद में बढ़ते तापमान के साथ वनाग्नि की संभावित घटनाओं को देखते हुए गुरुवार को जिलाधिकारी की अध्यक्षता में वन विभाग सहित संबंधित विभागों के अधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक हुई। बैठक में वनाग्नि की घटनाओं की रोकथाम तथा किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए आवश्यक रणनीतियों पर विस्तार से चर्चा की गई।

जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वनाग्नि की रोकथाम के लिए व्यापक स्तर पर जनजागरूकता अभियान चलाया जाए। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत स्तर से लेकर ब्लॉक स्तर तक लोगों को जागरूक करने के लिए विशेष अभियान चलाए जाएं, ताकि ग्रामीणों को वनाग्नि से होने वाले नुकसान और उससे बचाव के उपायों की जानकारी मिल सके। उन्होंने यह भी कहा कि स्थानीय जनप्रतिनिधियों, स्वयंसेवी संगठनों तथा ग्राम सभाओं की भी इसमें सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाए।

बैठक के दौरान वन संरक्षक रजत सुमन ने जानकारी दी कि जनपद में वनाग्नि की रोकथाम और त्वरित नियंत्रण के लिए व्यापक तैयारियां की गई हैं। इसके तहत विभिन्न संवेदनशील क्षेत्रों में कुल 64 क्रू स्टेशन स्थापित किए गए हैं। इन क्रू स्टेशनों पर प्रशिक्षित कर्मचारियों की तैनाती की गई है, जो किसी भी वनाग्नि की घटना पर तुरंत कार्रवाई कर सकें।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित