रूद्रप्रयाग , अप्रैल 29 -- उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश तथा अन्य सीमांत प्रदेशों की सीमा से लगे जनपदों में निवासरत ऐसे परिवारों पर प्रशासन सख्त रुख अपनाने जा रहा है, जो दोनों राज्यों में राशन कार्ड के माध्यम से गैस कनेक्शन एवं आयुष्मान जैसी सरकारी सुविधाओं का लाभ ले रहे हैं।
इस पर नियंत्रण के लिए उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जनपद में राशन कार्डों का व्यापक सत्यापन अभियान पुनः शुरू किया जाएगा।
बुधवार को जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने बताया कि अभियान का उद्देश्य फर्जी राशन कार्ड, आयुष्मान कार्ड तथा गैस कनेक्शन से जुड़े मामलों पर रोक लगाना है। उन्होंने कहा कि एक माह के भीतर राशन कार्डों एवं यूनिटों का सर्वेक्षण कर सत्यापन किया जाएगा, जिससे अपात्र परिवारों को योजना से बाहर किया जा सके और पात्र परिवारों को शामिल किया जा सके। उन्होंने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में राशन कार्ड सत्यापन कार्य के लिए खंड विकास अधिकारी, सहायक पंचायत विकास अधिकारी एवं ग्राम पंचायत विकास अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं शहरी क्षेत्रों में खाद्य अधिकारी, पूर्ति निरीक्षक और अधिशासी अधिकारियों को निर्देशित किया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित